11 हजार हाई टेंशन तार गिरने से लाखों का हुआ नुकसान
उन्होंने जेई और लाइनमैन से इसे हटाने का अनुरोध भी किया

चित्रकूट जिले की राजापुर तहसील के सिधौली गांव में एक बड़ा हादसा टल गया। दिनेश राजपूत के ट्यूबवेल पर खड़े ट्रैक्टर पर 11 हजार वोल्ट का हाई टेंशन तार गिर गया, जिससे ट्रैक्टर के चारों टायरों में आग लग गई और लाखों का नुकसान हुआ। घटना के वक्त राजेश के पिता रामबली राजपूत तार से मात्र पांच मीटर दूर सब्जी तोड़ रहे थे और बाल-बाल बच गए। ट्रैक्टर मालिक राजेश राजपूत ने बताया कि उन्होंने तीन महीने पहले ही ट्रैक्टर के चारों टायर बदलवाए थे। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि इस 11 हजार वोल्ट के हाई टेंशन तार को ट्यूबवेल के ऊपर से हटाने के लिए कई बार अधिकारियों को सूचित किया गया था, लेकिन हर बार केवल आश्वासन ही मिला। यह तार पहले भी कई बार गिर चुका है, जिससे भविष्य में किसी बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है। घटना के बाद, स्थानीय लोगों ने पीआरबी 112 पुलिस, लाइनमैन, जूनियर इंजीनियर (जेई) और अधिशासी अभियंता (एक्सईएन) सहित संबंधित अधिकारियों को फोन पर कई बार सूचना दी। मौके पर 112 पुलिस सरधुवा पहुंच कर जमफर कटवाया और आश्वाशन दिया कि लिखित पत्र के माध्यम से बिजली विभाग के अधिकारीयों को अवगत कराओ, विद्युत विभाग के अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचे ट्यूबवेल मालिक दिनेश कुमार राजपूत ने बताया कि उनके ट्यूबवेल के पास से जबरन 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन अन्य स्थानों के लिए खींची गई है। उन्होंने जेई और लाइनमैन से इसे हटाने का अनुरोध भी किया था, क्योंकि उनके यहां छोटे बच्चे खेलते रहते हैं और इससे खतरा बना रहता है। लेकिन उनकी गुजारिश पर किसी अधिकारी ने ध्यान नहीं दिया।


