सरकारी दर से अधिक कीमत पर डीएपी-यूरिया बिक्री का आरोप, विधायक ने कृषि मंत्री से की शिकायत
- पाकुड़/बरहरवा। बरहरवा, कोटालपोखर और गुमानी क्षेत्र के स्थानीय बाजारों में डीएपी और यूरिया खाद सरकारी निर्धारित दर से अधिक कीमत पर बेचे जाने की शिकायत को लेकर पाकुड़ विधानसभा क्षेत्र की विधायक निसात आलम ने झारखंड सरकार की कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग की मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की से मुलाकात की। विधायक ने किसानों को हो रही परेशानी से मंत्री को अवगत कराते हुए मामले में तत्काल कार्रवाई की मांग की।
विधायक निसात आलम ने बताया कि सरकार द्वारा डीएपी खाद की कीमत 1,350 रुपये प्रति बोरा तथा यूरिया की कीमत 266 रुपये 50 पैसे प्रति बोरा निर्धारित की गई है। इसके बावजूद बरहरवा, कोटालपोखर और गुमानी के स्थानीय बाजारों में डीएपी करीब 1,850 रुपये तथा यूरिया करीब 350 रुपये प्रति बोरा की दर से बेचे जाने की शिकायत किसानों द्वारा की गई है।
विधायक ने कहा कि निर्धारित सरकारी दर से अधिक कीमत वसूले जाने के कारण किसानों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। किसानों की शिकायत मिलने के बाद उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों से भी मामले को लेकर बातचीत की और इसके बाद कृषि मंत्री से मुलाकात कर पूरे मामले की जानकारी दी।
मुलाकात के दौरान कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को मामले का समाधान तत्काल करने का आश्वासन दिया। विधायक ने मंत्री से खाद की कालाबाजारी और निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत वसूले जाने के मामले की उच्चस्तरीय कमेटी गठित कर जांच कराने की भी मांग की।
विधायक निसात आलम ने कहा कि यदि जांच में खाद की कीमत में अनियमितता या किसी प्रकार के सिंडिकेट की संलिप्तता सामने आती है तो इसमें शामिल सभी लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि किसानों को सरकार द्वारा निर्धारित दर पर ही खाद उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है, ताकि खेती के इस महत्वपूर्ण समय में किसानों को आर्थिक परेशानी का सामना न करना पड़े।




