जिले से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है।
करीब 45 दिनों से लापता एक व्यक्ति का शव उसके ही घर के बाथरूम की फर्श के नीचे दबा मिला

उत्तर प्रदेश के आगरा जिले से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। सिकंदरा थाना क्षेत्र की रेणुका धाम कॉलोनी में करीब 45 दिनों से लापता एक व्यक्ति का शव उसके ही घर के बाथरूम की फर्श के नीचे दबा मिला। मामले में पुलिस ने मृतक की पत्नी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, 44 वर्षीय सुरेंद्र कुमार शर्मा 18 मई से लापता थे। परिजनों ने उनकी काफी तलाश की, जबकि उनकी पत्नी रूबी लगातार यह कहती रहीं कि वह कहीं चले गए हैं और जल्द लौट आएंगे। बाद में 26 मई को उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज कराई गई थी।

जांच के दौरान पुलिस को कई तथ्य संदिग्ध लगे। शुक्रवार को एक अन्य मामले के सत्यापन के लिए पुलिस दोबारा घर पहुंची, जहां पत्नी के व्यवहार और मृतक के भाई अनिल शर्मा द्वारा दी गई जानकारी के बाद घर की गहन तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान पुलिस की नजर बाथरूम की फर्श पर हुए नए प्लास्टर पर पड़ी। शक गहराने पर फर्श की खुदाई कराई गई, जहां से सुरेंद्र कुमार शर्मा का शव बरामद हुआ। शव मिलने की सूचना फैलते ही इलाके में सनसनी फैल गई।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि हत्या के बाद शव को बाथरूम में दफनाकर ऊपर से मिट्टी और प्लास्टर कर दिया गया, ताकि किसी को शक न हो। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस कथित साजिश में पत्नी के अलावा कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था या नहीं।
पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान महिला ने हत्या की बात स्वीकार करने का दावा किया है। हालांकि, अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि हत्या के कारण और पूरे घटनाक्रम की पुष्टि जांच, फॉरेंसिक साक्ष्यों और अन्य सबूतों के आधार पर ही की जाएगी।
मृतक के भाई अनिल शर्मा ने बताया कि सुरेंद्र को शराब की लत थी, जिसके कारण पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। उन्होंने कहा कि सुरेंद्र के लापता होने के बाद रूबी ने ही परिवार को सूचना दी थी और बाद में गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज कराई थी।
फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। एसीपी हरी पर्वत अमीषा पटेल ने बताया कि मामले की गहन जांच जारी है और सभी तथ्यों के सामने आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




