पुलिस परिवार परामर्श केंद्र की पहल रंग लाई, नवविवाहित दम्पति में हुआ सुलह-समझौता
परिवार परामर्श केंद्र में दोनों पक्षों को आमने-सामने बैठाकर विस्तार से बातचीत कराई गई

शाहजहाँपुर*। जनपद पुलिस लाइन स्थित परिवार परामर्श केंद्र में आयोजित परामर्श कार्यक्रम के दौरान एक नवविवाहित दम्पति के बीच आपसी मतभेद सुलझा लिए गए। केंद्र में कुल पाँच मामलों की सुनवाई की गई, जिनमें से एक प्रकरण में दम्पति ने आपसी सहमति से साथ रहने का निर्णय लिया।
थाना रौजा क्षेत्र से आए दम्पति की शादी करीब दो माह पूर्व हुई थी। आवेदिका ने परामर्श केंद्र में बताया कि उसका पति शराब के नशे में उसके साथ मारपीट करता था तथा उसे जेवर पहनने से भी रोकता था। इन परिस्थितियों से परेशान होकर वह अपने मायके चली गई थी।
परिवार परामर्श केंद्र में दोनों पक्षों को आमने-सामने बैठाकर विस्तार से बातचीत कराई गई और आपसी समझ बढ़ाने का प्रयास किया गया। काउंसलिंग के दौरान दम्पति को वैवाहिक जीवन की जिम्मेदारियों और एक-दूसरे के सम्मान के महत्व के बारे में समझाया गया। परामर्श के उपरांत दोनों ने आपसी सहमति से अपने मतभेद समाप्त करने और साथ रहने का फैसला किया।
समझौते के बाद दम्पति को सकुशल विदा किया गया। इस अवसर पर परिवार परामर्श केंद्र प्रभारी महिला उप निरीक्षक मधु यादव के साथ महेका चंद्रकांता एवं मोनिका मौजूद रहीं।




