BREAKING NEWSE-Paperhttps://rknews24.in/wp-content/uploads/2024/01/jjujuu.gifटॉप न्यूज़लोकल न्यूज़
व्यापार शुरू करने के नाम पर 5 लाख लेने का आरोप, पैसे मांगने पर मारपीट और जान से मारने की धमकी
कोटालपोखर। कोटालपोखर थाना क्षेत्र के जीवनपुर निवासी नवजीत साहा उर्फ माना, उसके छोटे भाई नीताई साहा एवं सत्यजीत साहा उर्फ फुचुआ, तीनों पिता सुधीर साहा के विरुद्ध व्यापार के नाम पर पांच लाख रुपये लेने, रुपये वापस मांगने पर गाली-गलौज एवं मारपीट करने तथा जान से मारने की धमकी देने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने इस मामले में कांड संख्या 60/26 दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार राजमहल थाना क्षेत्र के लखन राजवंशी का आरोप है कि नवजीत साहा उर्फ माना ने व्यापार शुरू करने के नाम पर उनसे पांच लाख रुपये उधार लिए थे। काफी समय बीत जाने के बाद भी व्यापार शुरू नहीं हुआ। आरोप है कि रुपये वापस मांगने पर नवजीत साहा लगातार टालमटोल करता रहा। रविवार को लखन राजवंशी अपने रुपये वापस मांगने के लिए जीवनपुर स्थित नवजीत साहा के घर पहुंचे। उस समय नवजीत साहा घर पर मौजूद नहीं था। घर पर उसके भाई नीताई साहा एवं सत्यजीत साहा मौजूद थे। लखन राजवंशी ने दोनों से अपने रुपये वापस दिलाने की बात कही। आरोप है कि इसी बात को लेकर दोनों भाइयों ने उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की। लखन राजवंशी के अनुसार, घटना के दौरान नवजीत साहा से फोन पर बातचीत हुई, जिसमें उसने कथित तौर पर जान से मारने की धमकी दी तथा पूर्व में दर्ज कराई गई प्राथमिकी को वापस लेने के लिए भी धमकाया। घटना के बाद लखन राजवंशी ने कोटालपोखर थाना में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की। शिकायत के आधार पर पुलिस ने तीनों भाइयों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा मामले में आरोपों की जांच की जा रही है। फर्जी एसीबी अधिकारी बनकर धमकाने के मामले में पहले भी जेल जा चुका है नवजीत पुलिस के अनुसार/पूर्व दर्ज मामले से संबंधित जानकारी के मुताबिक, नवजीत साहा उर्फ माना पर इससे पहले भी फर्जी एसीबी अधिकारी बनकर धमकी देने का मामला दर्ज हो चुका है। 28 जनवरी 2025 को बड़ा सोनकर पंचायत की पंचायत समिति सदस्य रूकैया बीवी के पति शकील जमाल अंसारी उर्फ मिस्टर ने कोटालपोखर थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, नवजीत साहा उर्फ माना अपने दो अन्य साथियों के साथ कथित रूप से फर्जी एसीबी अधिकारी बनकर शकील जमाल अंसारी को धमकी दे रहा था। आरोप था कि आवास योजना में गड़बड़ी से संबंधित वीडियो फुटेज होने की बात कहते हुए मामले को मैनेज करने का दबाव बनाया गया और ऐसा नहीं करने पर गिरफ्तार कर जेल भेजने की धमकी दी गई। इस घटना से संबंधित कथित ऑडियो भी उस समय वायरल हुआ था। शिकायत के आधार पर कोटालपोखर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। उक्त मामले में नवजीत साहा उर्फ माना के जेल जाने की भी जानकारी सामने आई थी। वर्तमान मामले में पुलिस सभी आरोपों की जांच कर रही है। आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।





