Uncategorized

दौड़ की प्रतिभा अनामिका को मिला सम्मान, महंत के पिता ने दिया 51 हजार रुपये का चेक भविष्य में हरसंभव सहयोग का दिया भरोसा, बेहतर भविष्य की शुभकामनाओं के साथ दिया आशीर्वाद

 

गोण्डा। इटियाथोक विकासखंड के ग्राम भीखमपुरवा में शिक्षक मनोज मिश्रा के आवास पर सोमवार को श्री चित्रकूट बालाजी ट्रस्ट के महंत अध्यक्ष आलोक दास जी महाराज के पिता पूज्य भ्रमणदास जी महाराज एवं उनके बड़े भाई अवधेश जी महाराज का आगमन हुआ। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र की उभरती धावक बिटिया अनामिका से मुलाकात कर उसकी प्रतिभा और मेहनत की सराहना की।
पूज्य भ्रमणदास जी महाराज ने दौड़ के क्षेत्र में लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रही अनामिका को सम्मानित करते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि प्रतिभा किसी परिचय की मोहताज नहीं होती, जरूरत है तो उसे सही समय पर प्रोत्साहन और सहयोग देने की। अनामिका की मेहनत और लगन को देखते हुए उन्होंने उसे 51 हजार रुपये का चेक प्रदान किया और भविष्य में भी हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
इस दौरान मौजूद लोगों ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र की बेटियों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। यदि उन्हें उचित मार्गदर्शन, संसाधन और प्रोत्साहन मिले तो वे खेल के क्षेत्र में जिले और प्रदेश का नाम रोशन कर सकती हैं। अनामिका को मिले इस सम्मान और आर्थिक सहयोग से उसके परिवार सहित क्षेत्र के लोगों में भी खुशी का माहौल रहा।
कार्यक्रम के दौरान पूज्य भ्रमणदास जी महाराज ने अनामिका को निरंतर मेहनत करने, लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने और आगे बढ़ते हुए क्षेत्र एवं परिवार का नाम रोशन करने का आशीर्वाद दिया। वहीं अवधेश जी महाराज ने भी उसकी उपलब्धियों की सराहना करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर समाजसेवी राजेश दूबे, संतराम ओझा, अशोक पाण्डेय, पंकज शुक्ला सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। उपस्थित लोगों ने अनामिका के सम्मान और आर्थिक सहयोग के लिए पूज्य संतजनों का आभार व्यक्त किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!