म्यूजिकल से लेकर ब्रेसलेट और चांदी की राखी तक मची धूम, बहनों ने पसंद के हिसाब से चुने रक्षासूत्र
राखी के रंग में रंगा बाजार, कलाई पर सजेगा भाई का नाम

राखी के रंग में रंगा बाजार, कलाई पर सजेगा भाई का नाम
म्यूजिकल से लेकर ब्रेसलेट और चांदी की राखी तक मची धूम, बहनों ने पसंद के हिसाब से चुने रक्षासूत्र
पिहानी। नवनीत कुमार राम जी
रक्षाबंधन को लेकर बाजार पूरी तरह सज गए हैं। भाई-बहन के अटूट प्रेम और विश्वास के प्रतीक इस पर्व पर इस बार राखियों में भी आधुनिकता का रंग दिखाई दे रहा है। बहनों को पारंपरिक राखियों के साथ भाई के नाम वाली पर्सनलाइज्ड राखी, ब्रेसलेट राखी, म्यूजिकल राखी, कार्टून डिजाइन और चांदी की राखियां खूब पसंद आ रही हैं। बाजारों में रंग-बिरंगी राखियों से सजी दुकानों पर खरीदारी के लिए भीड़ उमड़ रही है।
इस बार नाम और फोटो वाली राखी खास आकर्षण बनी हुई है। बहनें भाई के नाम, फोटो अथवा किसी खास संदेश के साथ राखी तैयार करा रही हैं। दूर रहने वाले भाई-बहनों के बीच भी ऐसी राखियां रिश्तों की नजदीकी का अहसास करा रही हैं।
युवाओं में ऐसी राखियों की मांग बढ़ी है, जिन्हें रक्षाबंधन के बाद भी ब्रेसलेट या फैशन एक्सेसरी की तरह पहना जा सके। 925 सिल्वर, पर्सनलाइज्ड चार्म और मिनिमल डिजाइन वाली राखियां भी बाजार में पसंद की जा रही हैं।
बच्चों के लिए छोटा भीम, मोटू-पतलू, शिनचैन और अन्य कार्टून कैरेक्टर वाली राखियां आकर्षण का केंद्र हैं। वहीं म्यूजिकल राखियां भी बच्चों को खूब भा रही हैं।
सर्राफा बाजार में चांदी और कीमती धातुओं वाली राखियों की मांग भी बढ़ी है। वहीं पर्यावरण के प्रति जागरूक ग्राहक बीज लगी इको-फ्रेंडली राखियों को भी पसंद कर रहे हैं।




