टोल शुरू होते ही किसानों का प्रदर्शन, 5 किमी दायरे के किसानों को टोल फ्री करने की मांग
बिजनौर। बिजनौर-नगीना रोड पर शुरू किए गए नए टोल प्लाजा को लेकर शनिवार को किसानों में नाराजगी देखने को मिली

बिजनौर। बिजनौर-नगीना रोड पर शुरू किए गए नए टोल प्लाजा को लेकर शनिवार को किसानों में नाराजगी देखने को मिली। टोल शुरू होने के बाद करीब पांच किलोमीटर के दायरे में रहने वाले किसानों ने टोल प्लाजा पर पहुंचकर शांतिपूर्वक धरना-प्रदर्शन किया।
किसानों का कहना था कि टोल प्लाजा शुरू कर दिया गया है, जबकि सड़क का निर्माण अभी मानकों के अनुरूप पूरी तरह से पूरा नहीं हुआ है। इसके बावजूद किसानों और स्थानीय लोगों से टोल वसूली शुरू किए जाने पर उन्होंने नाराजगी जताई।
प्रदर्शन की सूचना पर पुलिस-प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और किसानों से बातचीत की। किसानों की प्रमुख मांग थी कि टोल प्लाजा के आसपास पांच किलोमीटर के दायरे में रहने वाले किसानों को टोल से छूट दी जाए, ताकि खेती-किसानी और रोजमर्रा के आवागमन में उन्हें अनावश्यक आर्थिक बोझ न उठाना पड़े।
मौके पर पहुंचे एसडीएम ने किसानों को आश्वासन दिया कि फिलहाल सोमवार तक किसानों से टोल नहीं लिया जाएगा। सोमवार को किसानों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर उनकी मांगों पर चर्चा की जाएगी।
बताया गया कि इस दौरान एनएचएआई अधिकारी आशीष शर्मा भी मौके पर पहुंचे। किसानों के साथ बातचीत के दौरान उन्होंने अपने व्यवहार को लेकर किसानों से हाथ जोड़कर माफी मांगी।
किसानों ने कहा कि उनका आंदोलन शांतिपूर्ण है और वे चाहते हैं कि स्थानीय किसानों की समस्याओं का समाधान बातचीत के माध्यम से किया जाए। किसानों ने मांग की कि पांच किलोमीटर के दायरे में आने वाले किसानों को स्थायी रूप से टोल फ्री किया जाए और सड़क निर्माण पूरा होने के बाद ही टोल वसूली की व्यवस्था लागू की जाए।
मौके पर पुलिस-प्रशासन की मौजूदगी में किसानों और अधिकारियों के बीच बातचीत के बाद फिलहाल मामला शांत हो गया है
बिजनौर से ब्यूरो चीफ रविल कुमार की रिपोर्ट




