
शाहजहांपुर। जनपद पुलिस ने जीएसटी की फर्जी फर्म बनाकर करीब 2 करोड़ रुपये की टैक्स चोरी करने वाले चार शातिर जालसाजों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपियों के पास से एक कार और बड़ी मात्रा में फर्जी दस्तावेज बरामद किए गए हैं। जानकारी के अनुसार 29 नवंबर 2025 की रात जीएसटी विभाग के सचल दल प्रभारी हरित कुमार द्वारा चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान लोडिंग वाहनों के माल से संबंधित कागजात जांचे गए, जो संदिग्ध पाए गए। गहन जांच में दस्तावेज पूरी तरह फर्जी निकले, जिसके बाद थाना रोजा में मुकदमा दर्ज कराया गया। पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी ने बताया कि जांच के दौरान एक गिरोह का पर्दाफाश हुआ, जो फर्जी जीएसटी फर्म बनाकर करोड़ों रुपये की टैक्स चोरी कर रहा था। गिरफ्तार आरोपियों में अखिलेश पुत्र अशोक निवासी गाजियापुर थाना सरैनी जिला रायबरेली, विपिन पुत्र नक्षत्रपाल निवासी मोहल्ला नेकपुर बदायूं, शिवओम शर्मा पुत्र चतरसैन निवासी जिला मुजफ्फरनगर तथा राहुल राणा पुत्र रामकुमार निवासी कैडी जनपद शामली शामिल हैं। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी फर्जी बिल और कागजात तैयार कर माल का आवागमन दिखाते थे, जिससे सरकार को भारी राजस्व नुकसान हो रहा था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से प्रयुक्त कार तथा कई फर्जी दस्तावेज बरामद किए हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है तथा मामले में आगे की जांच जारी है।


