पैसों के लेन-देन में युवक की निर्मम हत्या आक्रोशित परिजनों ने शव हाईवे पर रख लगाया जाम
पुलिस प्रशासन पर लापरवाही और हीलाहवाली का गंभीर आरोप

गोंडा-जरवल मार्ग पर करीब पौन घंटे तक ठप रहा वाहनों का आवागमन, राहगीर परेशान। करनैलगंज (गोंडा)। कोतवाली क्षेत्र के सकरौरा ग्रामीण इलाके में पैसों के लेन-देन के पुराने विवाद को लेकर एक 22 वर्षीय युवक की निर्मम हत्या का आरोप लगा है। आरोप है कि वारदात के बाद हत्यारों ने साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को रेलवे ट्रैक के पास फेंक दिया। मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद जब युवक का शव गांव पहुंचा, तो परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। स्थानीय पुलिस पर मामले में घोर लापरवाही और टालमटोल (हीलाहवाली) करने का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों व परिजनों ने शव को गोंडा-जरवल हाईवे पर ब्रम्हचारी स्थान के निकट शव रखकर चक्का जाम कर दिया। करीब पौन घंटे तक चले इस भारी हंगामे के कारण हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। बाद में भारी पुलिस बल के साथ पहुंचे उच्चाधिकारियों द्वारा निष्पक्ष जांच और आरोपियों की त्वरित गिरफ्तारी के आश्वासन के बाद ही जाम खुलवाया जा सका।
मौसी के लड़के पर लगा हत्या का आरोप
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सकरौरा ग्रामीण निवासी राहुल कश्यप (22) पुत्र पप्पू कश्यप का अपने ही रिश्ते में मौसी के लड़के पंकज, निवासी डुडही असरना, के साथ पिछले काफी समय से पैसों के लेन-देन को लेकर गंभीर विवाद चल रहा था। परिजनों ने बताया कि सोमवार की रात पंकज ने राहुल को फोन करके किसी बहाने से अपने पास बुलाया था। राहुल जब देर रात तक वापस घर नहीं लौटा, तो परिजनों को अनहोनी की चिंता हुई और उन्होंने उसकी खोजबीन शुरू की। काफी तलाश के बाद मंगलवार की आधी रात्रि पिपरी पेट्रोल पंप के निकट, गोंडा-लखनऊ रेलवे ट्रैक के पास राहुल का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ। शव मिलने की सूचना मिलते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची स्थानीय कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। परिजनों का सीधा आरोप है कि पंकज ने अपने कुछ अन्य अज्ञात साथियों के साथ मिलकर साजिश के तहत राहुल की बेरहमी से हत्या की और इसे रेल दुर्घटना का रूप देने के उद्देश्य से शव को पिपरी के पास रेलवे ट्रैक के किनारे लिटा दिया था।मं गलवार दोपहर बाद जैसे ही राहुल का शव पोस्टमार्टम के बाद वापस गांव पहुंचा, वैसे ही परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों का धैर्य जवाब दे गया। आक्रोशित सैकड़ों की संख्या में ग्रामीणों ने पिपरी ब्रह्मचारी बाबा स्थान के पास शव को मुख्य गोंडा-जरवल हाईवे के बीचों-बीच रख दिया और पुलिस-प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी शुरू कर दी। शाम करीब 5:15 बजे शुरू हुआ यह चक्का जाम शाम 6:00 बजे तक पूरी तरह प्रभावी रहा। इस दौरान लखनऊ, बहराइच और गोंडा की ओर आने-जाने वाले सैकड़ों छोटे-बड़े वाहन जाम में फंस गए, जिससे भीषण गर्मी में राहगीरों और यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
**पुलिस के ठोस आश्वासन पर खुला जाम
हाईवे जाम होने और हंगामे की संवेदनशीलता को देखते हुए करनैलगंज कोतवाल भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत करने का प्रयास किया। अधिकारियों ने परिजनों को आश्वस्त किया कि मामले में निष्पक्ष जांच की जा रही है और नामजद आरोपियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस के इस ठोस आश्वासन और विधिक कार्रवाई के भरोसे के बाद शाम करीब 6:00 बजे परिजनों ने शव को हाईवे से हटाया, जिसके बाद पुलिस ने यातायात को सुचारू रूप से बहाल कराया।
मंडल ब्यूरो आवेश अंसारी





