*गर्रा पुल पर मौत का खतरा! 11 हजार वोल्ट लाइन का पोल टूटा, तारों के सहारे टिका; कभी भी हो सकता है बड़ा हादसा*

*गर्रा पुल पर मौत का खतरा! 11 हजार वोल्ट लाइन का पोल टूटा, तारों के सहारे टिका; कभी भी हो सकता है बड़ा हादसा
पाली/शाहाबाद। पाली-शाहाबाद मुख्य मार्ग पर गर्रा पुल के पास 11 हजार वोल्ट विद्युत लाइन का एक पोल नीचे से टूटकर खतरनाक स्थिति में झुक गया है। पोल फिलहाल केवल विद्युत तारों के सहारे टिका हुआ है, जिससे किसी भी समय बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इसे नहीं बदला गया तो यह राहगीरों की जान पर भारी पड़ सकता है।
यह मुख्य मार्ग होने के कारण यहां से प्रतिदिन बड़ी संख्या में दोपहिया, चारपहिया और अन्य वाहन गुजरते हैं। टूटे हुए पोल की स्थिति देखकर राहगीरों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि तेज हवा, बारिश या किसी अन्य कारण से पोल कभी भी गिर सकता है, जिससे बिजली आपूर्ति बाधित होने के साथ-साथ गंभीर दुर्घटना भी हो सकती है।
स्थानीय निवासी राजवीर कश्यप, रामेश्वर प्रसाद, झुन्नी सहित अन्य ग्रामीणों ने सोमवार को विद्युत विभाग से तत्काल क्षतिग्रस्त पोल को बदलवाने की मांग की। उनका कहना है कि विभाग को इस गंभीर समस्या का तत्काल संज्ञान लेकर नया पोल लगवाना चाहिए, ताकि किसी अप्रिय घटना से पहले ही खतरे को टाला जा सके।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते पोल नहीं बदला गया और कोई हादसा हुआ, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी। लोगों ने विद्युत विभाग से जल्द से जल्द मरम्मत कार्य शुरू कर क्षेत्रवासियों को संभावित खतरे से राहत दिलाने की मांग की है।
*रिपोर्ट- पत्रकार*
*शाहाबाद (हरदोई)*




