नवजात की मौत पर मचा बवाल,अस्पताल पर लगा आरोप

गोण्डा।
कोतवाली नगर क्षेत्र के सर्कुलर रोड स्थित एक निजी अस्पताल में प्रसव के बाद नवजात की मौत का मामला सामने आया है। जहां नवजात की मौत पर परिजनों ने जमकर बवाल काटा। परिजनों ने निजी अस्पताल पर इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। मामला बढ़ते देख मौके पर पहुंची पुलिस ने मामला शांत कराया। परिजनों ने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
शनिवार को कोतवाली नगर के सर्कुलर रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती नवजात शिशु की मौत हो गई। बताया जाता है कि पीड़ित ने अपनी पत्नी मीठी सिंह को डिलीवरी के लिए 20 अगस्त की सुबह करीब सात बजे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। जहां ऑपरेशन के बाद प्रसूता ने स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया। कुछ समय बाद अस्पताल के डॉक्टर ने बच्चे की तबीयत खराब होने की बात बताई और इलाज के लिए दूसरे अस्पताल ले जाने की सलाह दी। जिसके बाद परिजनों ने बच्चे को लेकर क्षेत्र के एक दूसरे अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसकी हालत शुक्रवार तक सामान्य रही। लेकिन शनिवार की सुबह परिजनों को बच्चे की मौत की जानकारी दी गई। परिजनों का कहना है कि अस्पताल प्रबंधन की ओर से उन्हें सही जानकारी नहीं दी गई।
घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कोतवाली नगर में तहरीर दी है। वहीं इस संबंध में सीएमओ डा. संतलाल पटेल ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। इस संबंध में एक जांच कमेटी टीम गठित की है। जिसमें एक बाल रोग विशेषज्ञ के साथ जांच कर कार्यवाही की जाएगी।




