महराजगंज के निचलौल में तीन बाइकों की भीषण भिड़ंत, 7 लोग घायल; दो की हालत नाजुक, जिला अस्पताल रेफर

महराजगंज के निचलौल- ठूठीबारी मार्ग पर सिरौली पेट्रोल पंप के पास रविवार सुबह करीब 11 बजे तीन मोटरसाइकिलों की आपस में जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में तीनों बाइक पर सवार कुल सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।जानकारी के मुताबिक, एक बाइक पर शिव बसंत विश्वकर्मा पुत्र अयोध्या विश्वकर्मा, निवासी बड़ेपुरवा टोला डगरू, अपने साथ 14 वर्षीय अंजू पुत्री गजेंद्र के साथ गोरखपुर दवा कराने जा रहे थे।वहीं दूसरी मोटरसाइकिल पर 20 वर्षीय उदयभान चौहान पुत्र राजेंद्र चौहान और 25 वर्षीय छोटू कुमार भारती पुत्र रजन प्रसाद सवार थे। बताया जा रहा है कि दोनों नेपाल के पारसी से काम करके अपने घर कटहरी बाजार की तरफ लौट रहे थे।
तीसरी बाइक पर 35 वर्षीय रिंकी पटेल पत्नी राणा प्रताप पटेल और उनकी पुत्री अध्या पटेल सवार थीं। दोनों ईटहिया मिनी धाम में दर्शन करने के बाद अपने घर पिपराकाजी लौट रही थीं।इसी दौरान सिरौली पेट्रोल पंप के पास तीनों मोटरसाइकिलों की आपस में जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि सातों लोग घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को उपचार के लिए निचलौल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।
जहां प्राथमिक उपचार के बाद रिंकी पटेल और अध्या पटेल की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।वहीं पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाने के साथ ही आवश्यक कार्रवाई में जुटी हुई है।फिलहाल इस हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मचा हुआ है।


महराजगंज से ब्यूरो चीफ विनय त्रिपाठी की रिपोर्ट



