महराजगंज के सोनौली सीमा पर बड़ी कार्रवाई: ट्रक से 13,620 किलो नीयारा बरामद, चालक-क्लीनर गिरफ्तार
महराजगंज जिले के भारत-नेपाल सीमा स्थित सोनौली में कस्टम विभाग और सशस्त्र सीमा बल (SSB) की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नेपाल से भारत आ रहे एक ट्रक से करीब 13,620 किलोग्राम नीयारा बरामद किया है। नीयारा एक प्रकार की मिट्टी बताई जा रही है, जिसमें धातु मिली होती है। कार्रवाई के दौरान ट्रक को जब्त करने के साथ चालक और क्लीनर को भी हिरासत में लिया गया है।
जानकारी के अनुसार 8 अगस्त 2026 की रात करीब 9:35 बजे सीमा स्तंभ संख्या 517/2 से लगभग 120 मीटर भारत की ओर कस्टम बैरियर के पास संयुक्त टीम को सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर नेपाल से भारत की ओर आ रहे ट्रक संख्या UP40AT4925 को कस्टम ऑफिस सोनौली और सशस्त्र सीमा बल की बी समवाय सोनौली की संयुक्त टीम ने रोक लिया।ट्रक की तलाशी के दौरान उसमें छिपाकर रखी गई करीब 100 बोरियां बरामद हुईं। इन बोरियों में नीयारा भरा हुआ था। बरामद सामग्री को वजन कराने के लिए नौतनवा के कुंसेरवा स्थित धर्मकांटा ले जाया गया, जहां वजन करने पर कुल 13,620 किलोग्राम नीयारा मिला।
संयुक्त टीम ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए ट्रक और उसमें लदे नीयारा को जब्त कर लिया। साथ ही ट्रक में सवार दो व्यक्तियों, चालक और क्लीनर को भी हिरासत में लिया गया। दोनों से बरामद सामग्री के संबंध में पूछताछ की जा रही है।अधिकारियों के मुताबिक सीमा क्षेत्र में अवैध गतिविधियों और सामान की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार संयुक्त जांच अभियान चलाए जा रहे हैं। कार्रवाई की जानकारी सशस्त्र सीमा बल की सोनौली बी समवाय की असिस्टेंट कमांडेंट प्रिया यादव ने दी।

महराजगंज से ब्यूरो चीफ विनय त्रिपाठी की रिपोर्ट




