ट्रेन में यात्री का मोबाइल छीनने के आरोप में 19 वर्षीय युवक गिरफ्तार, चोरी का फोन बरामद
बरहरवा। ट्रेन संख्या 15620 कामाख्या–गया एक्सप्रेस में यात्री से मोबाइल फोन छीनने के मामले में बरहरवा RPF ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक 19 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवक की पहचान इरफान अंसारी, पिता अख्तर अंसारी, निवासी मोगलपारा, पोस्ट इस्लामपुर, थाना बरहरवा, जिला साहेबगंज के रूप में हुई है। उसके कब्जे से OPPO F21 Pro 5G मोबाइल फोन बरामद किया गया है।जानकारी के अनुसार, 10 अगस्त 2026 को सूचना मिली थी कि कामाख्या–गया एक्सप्रेस के बोनिदंगा रेलवे स्टेशन पार करने के बाद बरहरवा की ओर बढ़ने के दौरान जनरल कोच में यात्रा कर रहे एक यात्री के हाथ से अज्ञात व्यक्ति ने मोबाइल फोन छीन लिया और फरार हो गया।सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर/RPF बरहरवा संजीव कुमार के नेतृत्व में टीम ने मामले की जांच शुरू की। संदिग्ध व्यक्ति की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित स्थानों पर लगातार छापेमारी एवं जांच-पड़ताल की जा रही थी।इसी क्रम में 13 अगस्त को RPF को गुप्त सूचना मिली कि घटना में शामिल संदिग्ध युवक इरफान अंसारी रेलवे लाइन के किनारे रिले हट ईस्ट केबिन के पास अपने साथियों के साथ मौजूद है। सूचना के आधार पर इंस्पेक्टर संजीव कुमार, उपनिरीक्षक लाल बहादुर माझी, कांस्टेबल अनिल कुमार साह और कांस्टेबल सतीश कुमार की टीम मौके पर पहुंची।RPF टीम को देखते ही एक युवक भागने का प्रयास करने लगा, जिसे घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम इरफान अंसारी बताया।तलाशी के दौरान उसके पास से एक पुराना एवं इस्तेमाल किया हुआ OPPO F21 Pro 5G मोबाइल फोन बरामद हुआ। मोबाइल का रंग Dawn Light Gold/Rainbow Spectrum बताया गया है तथा इसमें कोई SIM कार्ड नहीं था। बरामद मोबाइल का IMEI नंबर 862888055762012/862888055762004 पाया गया।RPF के अनुसार, बरामद मोबाइल के संबंध में युवक से खरीद संबंधी कागजात अथवा स्वामित्व का प्रमाण मांगा गया, लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पूछताछ के दौरान उसने कथित रूप से स्वीकार किया कि उक्त मोबाइल उसने 10 अगस्त को कामाख्या–गया एक्सप्रेस के जनरल कोच में दरवाजे के पास बैठे एक यात्री से चोरी/छीन लिया था।बरामदगी और पूछताछ के बाद उपस्थित गवाहों तथा युवक के पिता अख्तर अंसारी की मौजूदगी में विधिवत जब्ती सूची तैयार कर मोबाइल फोन को जब्त किया गया। इसके बाद पकड़े गए युवक, बरामद मोबाइल फोन एवं संबंधित दस्तावेजों को अग्रिम कानूनी कार्रवाई के लिए रेल थाना बरहरवा को सुपुर्द कर दिया गया।





