दिल्ली में महिला पत्रकारों से कथित मारपीट का मामला, गोंडा में जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन

गोंडा। दिल्ली के साकेत थाना क्षेत्र में महिला पत्रकारों के साथ कथित मारपीट और अभद्र व्यवहार का मामला सामने आया है। इस मामले को लेकर राष्ट्रीय पत्रकार सुरक्षा परिषद (रजि.) के राष्ट्रीय अध्यक्ष के निर्देशन में गोंडा की जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन को ज्ञापन सौंपकर पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि साकेत पुलिस स्टेशन, दिल्ली में पत्रकार शाहीन खान और नफीसा खान एक कार्यक्रम की कवरेज के लिए गई थीं। ज्ञापन के अनुसार, कवरेज के दौरान साकेत पुलिस स्टेशन के कुछ पुलिसकर्मियों ने दोनों महिला पत्रकारों के साथ कथित तौर पर अभद्र व्यवहार और मारपीट की।
ज्ञापन में कहा गया है कि पुलिसकर्मियों द्वारा दोनों पत्रकारों को कथित रूप से घसीटकर थाने ले जाया गया और एक कमरे में ले जाकर उनके साथ मारपीट की गई। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने का भी उल्लेख ज्ञापन में किया गया है।
राष्ट्रीय पत्रकार सुरक्षा परिषद ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि पत्रकार लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में जनता तक सूचनाएं पहुंचाने का कार्य करते हैं। ऐसे में पत्रकारों के साथ कथित दुर्व्यवहार और मारपीट की घटना गंभीर चिंता का विषय है।
ज्ञापन के माध्यम से जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन से मांग की गई कि मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों से निष्पक्ष जांच कराई जाए और यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो दोषी पुलिसकर्मियों के विरुद्ध तत्काल कार्रवाई की जाए, ताकि पीड़ित महिला पत्रकारों को न्याय मिल सके।




