ब्रह्मपुत्र मेल में यात्रियों के मोबाइल चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार
RPF बरहरवा की कार्रवाई, तीन चोरी के मोबाइल
बरहरवा, 09 सितंबर 2026। ब्रह्मपुत्र मेल के जनरल कोच में यात्रियों की जेब से मोबाइल फोन चोरी करने के मामले में RPF बरहरवा ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सलीम सेख उर्फ गोरा उर्फ छउची (25 वर्ष), पिता कालू सेख, निवासी मेंहेरुद्दीन मुंसिटोला, थाना कलियाचक, जिला मालदा, पश्चिम बंगाल के रूप में हुई है। उसके कब्जे से तीन पुराने एवं इस्तेमाल किए हुए मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं, जिनकी कुल अनुमानित कीमत ₹53,497 बताई गई है।जानकारी के अनुसार, 09 सितंबर को सूचना मिली कि ट्रेन संख्या 15657 ब्रह्मपुत्र मेल से बरहरवा रेलवे स्टेशन पहुंचने के दौरान जनरल कोच में यात्रा कर रहे दो सोए हुए यात्रियों की जेब से तीन मोबाइल फोन चोरी कर लिए गए। एक यात्री की जेब से दो तथा दूसरे यात्री की जेब से एक मोबाइल फोन चोरी होने की बात सामने आई।सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर/RPF बरहरवा संजीव कुमार के नेतृत्व में RPF टीम ने संदिग्ध की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित स्थानों पर छापेमारी एवं जांच शुरू की। इसी दौरान एक विश्वसनीय गुप्त सूचना मिली कि मोबाइल चोरी की घटना में शामिल व्यक्ति बरहरवा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-1 स्थित टॉयलेट के समीप बैठा हुआ है।सूचना के आधार पर इंस्पेक्टर संजीव कुमार, सहायक उपनिरीक्षक/RPF जलेश्वर कुमार दुबे तथा कांस्टेबल/RPF ब्रजेश कुमार यादव तत्काल मौके पर पहुंचे। RPF टीम को देखते ही संदिग्ध व्यक्ति भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन जवानों ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सलीम सेख उर्फ गोरा उर्फ छउची बताया। उसने बताया कि वह दिल्ली से यात्रा कर न्यू फरक्का स्टेशन जा रहा था। जांच के दौरान उसके पास कोई वैध यात्रा टिकट या सामान नहीं मिला। नियमानुसार तलाशी लेने पर उसके कब्जे से तीन मोबाइल फोन बरामद हुए।बरामद मोबाइल में Samsung Galaxy Blitz Blue (Model M076B/DS), Infinix Note X6838 Palm Blue तथा Vivo Aurora Gold 5G मोबाइल फोन शामिल हैं। तीनों मोबाइल बिना सिम कार्ड के थे और कुछ मोबाइल लॉक अवस्था में मिले। इनकी कुल अनुमानित कीमत ₹53,497 बताई गई है।पूछताछ के दौरान आरोपी कोई वैध खरीद दस्तावेज अथवा मोबाइल फोन के स्वामित्व से संबंधित प्रमाण प्रस्तुत नहीं कर सका। RPF के अनुसार, आगे पूछताछ में आरोपी ने 08 सितंबर को ट्रेन संख्या 15657 ब्रह्मपुत्र मेल के जनरल कोच में दरवाजे के पास यात्रा कर रहे/सो रहे यात्रियों की जेब से तीन मोबाइल फोन चोरी करने की बात स्वीकार की। घटना के बाद वह बरहरवा रेलवे स्टेशन पर उतर गया था।RPF टीम ने गवाहों की मौजूदगी में विधिवत तलाशी-सह-जब्ती सूची तैयार कर तीनों मोबाइल फोन जब्त कर लिए। गिरफ्तार आरोपी को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए रेल थाना/GRP बरहरवा को सुपुर्द किया जा रहा है। बरामद मोबाइल फोन, लिखित शिकायत एवं अन्य संबंधित दस्तावेज भी आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए GRP बरहरवा को सौंपे जा रहे हैं।




