बाल विवाह मुक्त भारत बनाने के लिए जस्ट राइट फ़ॉर चिल्ड्रन के सहयोग से जनजागरण हेतु
बाल विवाह न केवल बच्चों के बचपन को खत्म करता है, बल्कि उनके सामाजिक ,

टीकमगढ़ / बाल विवाह मुक्त भारत बनाने के लिए जस्ट राइट फ़ॉर चिल्ड्रन के सहयोग से जनजागरण हेतु 100 दिवसीय अभियान चलाया जा रहा है। जिसके तहत मध्यप्रदेश शासन के पूर्व केबिनेट मंत्री व टीकमगढ़ सदर विधायक यादवेन्द्र सिंह बुंदेला ने जन जागरूकता हेतु जागरूकता रथयात्रा को अपने निज कार्यालय से हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया।
कृषक सहयोग संस्थान द्वारा आयोजित रथयात्रा को रवाना करने के अवसर पर क्षेत्र के विधायक यादवेन्द्र सिंह ने कहा कि बाल विवाह एक सामाजिक अभिशाप है, इसके खिलाफ समाज के हर वर्ग को एकजुट होकर बुराई को मिटाना होगा।
- बाल विवाह न केवल बच्चों के बचपन को खत्म करता है, बल्कि उनके सामाजिक , शारीरिक, मानसिक और नैतिक विकास को भी बाधित करता है। ये अभियान निश्चित ही समाज में एक चेतना बातावरण तैयार कर बाल विवाह जैसे दुष्परिणाम रोकने के साथ साथ बच्चों के उज्जवल भविष्य के लिए एक सशक्त पहल बनकर सजगता पैदा करेगा। कृषक सहयोग संस्थान के सभी साथियों को शुभकामनाएं देते हैं।
इस अवसर पर पूर्व कृषि उपज मंडी के अध्यक्ष सूर्य प्रकाश मिश्रा, नगरपालिका के पूर्व अध्यक्ष जब्बार खान, सरपंच संघ के जिलाध्यक्ष महेन्द्र सिंह बुंदेला, समाजसेवी गौरव शर्मा, कृषक सहयोग संस्थान के जिला समन्वयक अक्षय मिश्रा, लोकेंद्र कुशवाहा सहित तमाम गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि जस्ट राइट फ़ॉर चिल्ड्रन देशभर के 450 से ज्यादा संगठनों का समूह है, जो देशभर में बच्चों के अधिकारों को लेकर काम कर रहा है। जिला समन्वयक अक्षय मिश्रा ने बताया कि हमारी संस्था काफी समय से बाल शोषण के खिलाफ काम कर रही है। संस्था के लिए ये काम अकेले करना सम्भव नहीं है, इसलिए जस्ट राइट फ़ॉर चिल्ड्रन के सहयोग से हम मिलकर ये कार्य कर रहे हैं।




