रिसोड़ पंचायत के गांवों में पहुंचे डॉ. तनवीर आलम, ग्रामीणों की समस्याओं का लिया जायजा
रिसोड़ में ग्रामीणों से मिले डॉ. तनवीर आलम
बरहरवा, 9 सितंबर। झारखंड प्रदेश कांग्रेस महासचिव डॉ. तनवीर आलम ने बुधवार को बरहरवा प्रखंड अंतर्गत रिसोड़ पंचायत के विभिन्न गांवों का भ्रमण कर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। पंचायत भ्रमण के दौरान उन्होंने क्षेत्र की जमीनी स्थिति का जायजा लेते हुए ग्रामीणों की समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने अपनी विभिन्न समस्याओं को उनके समक्ष रखा और समाधान की मांग की।डॉ. तनवीर आलम ने चांदपुर, चंदनपुर एवं मेहंदीडांग गांव पहुंचकर ग्रामीणों के साथ बैठक की। चांदपुर गांव में ओबैदुर के घर के समीप, चंदनपुर गांव में बरकत के घर के पास तथा मेहंदीडांग गांव में स्कूल के समीप ग्रामीणों के साथ बैठक कर क्षेत्र की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। उन्होंने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके समाधान के लिए हरसंभव पहल करने का आश्वासन दिया।
SIR को लेकर ग्रामीणों की आशंकाओं को किया दूर
बैठक के दौरान स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) से संबंधित कार्यों को लेकर ग्रामीणों के बीच मौजूद सवालों और आशंकाओं पर भी विस्तार से चर्चा हुई। ग्रामीणों को संबोधित करते हुए डॉ. तनवीर आलम ने कहा कि SIR को लेकर किसी को घबराने या परेशान होने की आवश्यकता नहीं है। यदि किसी व्यक्ति को नोटिस प्राप्त होता है, तो सबसे पहले यह जानकारी प्राप्त करें कि नोटिस किस कारण से जारी किया गया है।उन्होंने कहा कि नोटिस में दिए गए कारण के अनुसार आवश्यक दस्तावेज तैयार कर निर्धारित तिथि पर संबंधित प्रखंड कार्यालय में उपस्थित होना चाहिए। यदि किसी कारणवश प्रस्तुत किए गए दस्तावेजों में कोई कमी रह जाती है, तो ऐसी स्थिति में भी घबराने की जरूरत नहीं है। संबंधित व्यक्ति को अगली तारीख यानी नेक्स्ट डेट दी जाएगी और आवश्यक दस्तावेजों को पूरा करने का अवसर मिलेगा।डॉ. तनवीर आलम ने ग्रामीणों से अपील की कि वे SIR से जुड़ी प्रक्रिया को लेकर किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और आवश्यकता पड़ने पर संबंधित अधिकारियों से जानकारी प्राप्त करें। उन्होंने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि प्रक्रिया से संबंधित किसी भी परेशानी को लेकर उनकी ओर से हरसंभव सहयोग किया जाएगा।
पानी, सड़क और नाला सहित कई समस्याएं उठीं
बैठक में ग्रामीणों ने क्षेत्र में पेयजल की समस्या, सड़क की स्थिति, नाला निर्माण एवं जल निकासी की व्यवस्था समेत कई स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। इसके अलावा मंईयां सम्मान योजना से संबंधित समस्याओं और अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिलने में आ रही परेशानियों की जानकारी भी दी गई।ग्रामीणों ने कहा कि कई स्थानों पर बुनियादी सुविधाओं की कमी के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने संबंधित समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की। ग्रामीणों की बात सुनने के बाद डॉ. तनवीर आलम ने कहा कि जनता से जुड़ी समस्याओं को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा। क्षेत्र की समस्याओं को संबंधित विभाग के अधिकारियों के समक्ष प्रमुखता से रखा जाएगा तथा समाधान के लिए आवश्यक पहल की जाएगी।उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि वे गांवों में जाकर लोगों की समस्याओं को समझें और उनके समाधान के लिए प्रशासन के स्तर पर पहल करें। उन्होंने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि क्षेत्र के विकास और जनहित के मुद्दों को लेकर वे लगातार प्रयासरत रहेंगे।
ग्रामीणों से सीधा संवाद जारी रखने पर जोर
पंचायत भ्रमण के दौरान डॉ. तनवीर आलम ने ग्रामीणों से आपसी संवाद बनाए रखने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि गांवों में जाकर लोगों से सीधे बातचीत करने से क्षेत्र की वास्तविक समस्याओं की जानकारी मिलती है। उन्होंने स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ताओं से भी ग्रामीणों के संपर्क में रहने और जनसमस्याओं को संबंधित स्तर तक पहुंचाने की बात कही।इस दौरान जिला अध्यक्ष सह विधायक प्रतिनिधि बरकत खान, प्रखंड अध्यक्ष रंजीत टुडू, प्रखंड 20 सूत्री अध्यक्ष अशोक कुमार दास, नेहाल अख्तर, शारिक रब्बानी, ओबैदुर रहमान, फिरोज आलम, हाजी अलाउद्दीन, मुन्ना पांडे, फैजुल रहमान, रबीउल, शराफत, बरकत, सनाउल, दुलाल, अब्दुल रशीद, मुख्तार, जहांगीर सहित स्थानीय कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।





