गुमानी में इंटरसिटी के ठहराव की मांग तेज, डीआरएम को भेजे हस्ताक्षर
गुमानी स्टेशन पर इंटरसिटी के ठहराव को लेकर उठी आवाज
बरहरवा-बरहरवा रेलखंड के गुमानी रेलवे स्टेशन पर मालदा-हावड़ा इंटरसिटी एक्सप्रेस (13011/13012) के ठहराव की मांग को लेकर नवझारखंड जनएकता संगठन ने अभियान तेज कर दिया है। संगठन की ओर से चलाए गए हस्ताक्षर अभियान में जुटाए गए हस्ताक्षरों की प्रति बुधवार को भारतीय डाक के माध्यम से हावड़ा मंडल के डीआरएम को भेजी गई।संगठन के अध्यक्ष फारोग अहसान ने बताया कि गुमानी स्टेशन आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लिए महत्वपूर्ण रेलवे स्टेशन है। यहां से प्रतिदिन छात्र-छात्राएं, व्यापारी, कर्मचारी, किसान, मरीज और आम लोग मालदा, हावड़ा सहित विभिन्न क्षेत्रों की यात्रा करते हैं।इंटरसिटी एक्सप्रेस का गुमानी में ठहराव नहीं होने के कारण यात्रियों को दूसरे स्टेशनों से ट्रेन पकड़नी पड़ती है। इससे उन्हें अतिरिक्त समय और आर्थिक खर्च उठाना पड़ता है। संगठन का कहना है कि लंबे समय से क्षेत्रवासी इस ट्रेन के ठहराव की मांग कर रहे हैं।जनसमर्थन जुटाने के उद्देश्य से चलाए गए हस्ताक्षर अभियान के बाद अब हस्ताक्षरों को रेलवे प्रशासन तक पहुंचाया गया है। संगठन ने डीआरएम से गुमानी स्टेशन पर मालदा-हावड़ा इंटरसिटी एक्सप्रेस का ठहराव देने की मांग की है। संगठन के अनुसार, ठहराव मिलने से गुमानी और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के हजारों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।





