नशे में धुत दरोगा की* *जीप से दो बाइकों को* *टक्कर, कई लोग* *घायल
पीछे से तेज रफ्तार जीप ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी

शाहजहांपुर। जनपद के बंडा चौराहे पर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक जीप चालक दरोगा ने दो बाइकों को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार कई लोग घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर वाहन को घेर लिया और घटना की सूचना पुलिस को दी।
जानकारी के अनुसार ग्राम उदरा निवासी सुनील पुत्र नन्हे अपनी दो बेटियों के साथ खरीदारी करने के लिए बंडा आए थे। जैसे ही वह चौराहे के पास पहुंचे, तभी पीछे से तेज रफ्तार जीप ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि सुनील और उनके साथ बैठी बेटियां सड़क पर गिरकर घायल हो गईं। सुनील के पैर में गंभीर चोट बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जीप चालक दरोगा शराब के नशे में था और टक्कर मारने के बाद उसने आगे बढ़ते हुए एक अन्य बाइक को भी टक्कर मार दी, जिससे उस बाइक पर सवार लोग भी घायल हो गए। घटना के बाद आसपास मौजूद लोग एकत्रित हो गए और जीप को चारों ओर से घेर लिया।
सूचना मिलने पर बंडा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जीप चालक दरोगा को हिरासत में लेकर थाने ले गई। घायलों को इलाज के लिए बंडा सरकारी अस्पताल भेजा गया, जहां से गंभीर रूप से घायल सुनील पुत्र नन्हे सिंह को बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
इस संबंध में बंडा थाना प्रभारी प्रदीप कुमार राव ने बताया कि दरोगा की गाड़ी से दुर्घटना हुई है। मामले में यदि लिखित शिकायत प्राप्त होती है तो आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
ब्यूरो चीफ मनोज सिंह




