दहेज में 5 लाख रुपये व सोने की मांग पर नवविवाहिता को घर से निकाला, पांच के खिलाफ मुकदमा दर्ज
दहेज में 5 लाख रुपये व सोने की मांग पर नवविवाहिता को घर से निकाला, पांच के खिलाफ मुकदमा दर्ज

जसवंतनगर। अतिरिक्त दहेज की मांग पूरी न होने पर एक नवविवाहिता को ससुराल वालों ने मारपीट कर घर से निकाल दिया। पीड़िता की शिकायत पर पति समेत पांच लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मामला दर्ज किया गया है।
मोहल्ला होमगंज निवासी नेहा गुप्ता उर्फ पायल गुप्ता ने बताया कि उसकी शादी 20 जनवरी 2024 को न्यू आगरा के दयालबाग निवासी ललित गुप्ता पुत्र राजकुमार गुप्ता के साथ हुई थी। नेहा की मां ने शादी में 15 लाख रुपये नकद और घर-गृहस्थी का पूरा सामान दिया था। इसके बावजूद ससुराल पक्ष 5 लाख रुपये नकद व 3 तोला सोने का हार और मांगने लगे।
नेहा का आरोप है कि मांग पूरी न होने पर ससुराल वालों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी और कई बार भूखा-प्यासा भी रखा गया। उसकी ननद पूर्णिमा और मनीषा आए दिन घर आकर उसके पति और ससुर को उसके खिलाफ भड़काती थीं। पीड़िता ने बताया कि 16 नवंबर 2024 को ससुर ने उसके साथ मारपीट करते हुए अशोभनीय व्यवहार किया, और जब उसने पति व ननद से बचाने की गुहार लगाई, तो सभी ने मिलकर रात करीब आठ बजे उसे घर से बाहर निकाल दिया।घर से निकालने से पहले उसका स्त्रीधन भी जब्त कर लिया गया और कहा गया कि जब तक वह 5 लाख रुपये और 3 तोला सोने का हार लेकर नहीं आएगी, तब तक उसे घर में प्रवेश नहीं मिलेगा। परिजनों ने ससुरालियों को समझाने की कोशिश की, लेकिन वे अपनी मांग पर अड़े रहे। आखिरकार, नेहा ने पुलिस की शरण ली।
निरीक्षक रामसहाय सिंह ने बताया कि नेहा की तहरीर पर पति ललित गुप्ता, ससुर राजकुमार गुप्ता, ननद पूर्णिमा व मनीषा और नंदोई वनर्जी गुप्ता के खिलाफ दहेज उत्पीड़न की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। प्रकरण की जांच जारी है।




