जिला अस्पताल में दवा को लेकर हंगामा, तीमारदारों और डॉक्टर के बीच हुई नोकझोंक
बिजनौर। पंडित दीनदयाल उपाध्याय जिला चिकित्सालय के ओपीडी कक्ष

बिजनौर। पंडित दीनदयाल उपाध्याय जिला चिकित्सालय के ओपीडी कक्ष संख्या 125 में उस समय माहौल गरमा गया जब मरीज के परिजनों और डॉक्टर के बीच दवा लिखने को लेकर नोकझोंक हो गई।
बताया जा रहा है कि मरीज के परिजनों का आरोप था कि सरकारी अस्पताल में उपचार कराने के बावजूद उन्हें अस्पताल के बाहर स्थित मेडिकल स्टोर से दवाएं खरीदने के लिए लिखा जा रहा है। इस बात को लेकर परिजनों ने नाराजगी जताई और कहा कि यदि सरकारी अस्पताल में भी बाहर से दवाएं खरीदनी पड़ें और मरीजों पर आर्थिक बोझ डाला जाए, तो फिर निजी अस्पतालों में ही इलाज कराना बेहतर होगा।
घटना के दौरान कुछ समय के लिए ओपीडी में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मौके पर मौजूद लोगों ने दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराया। मरीजों और तीमारदारों ने मांग की कि अस्पताल में उपलब्ध दवाएं ही मरीजों को दी जाएं तथा दवा वितरण व्यवस्था को और अधिक पारदर्शी बनाया जाए।
हालांकि, इस मामले में अस्पताल प्रशासन की ओर से आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। यदि दवाओं की उपलब्धता में कोई कमी है तो उसे शीघ्र दूर किए जाने की आवश्यकता है, ताकि मरीजों को अनावश्यक रूप से बाहर से दवाएं न खरीदनी पड़ें।
बिजनौर से ब्यूरो चीफ रविल कुमार की रिपोर्ट





