*शिक्षा व्यवस्था पर युवाओं का हल्ला बोल: हरदोई में गूंजे इस्तीफे के नारे, राष्ट्रपति के नाम भेजा गया ज्ञापन*

*शिक्षा व्यवस्था पर युवाओं का हल्ला बोल: हरदोई में गूंजे इस्तीफे के नारे, राष्ट्रपति के नाम भेजा गया ज्ञापन*
हरदोई। राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार सामने आ रही कथित अनियमितताओं और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर मंगलवार को हरदोई में छात्रों और युवाओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। दोपहर करीब 12 बजे बड़ी संख्या में युवा निरीक्षण भवन के सामने स्थित अंबेडकर पार्क में एकत्र हुए और हाथों में तख्तियां लेकर शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता की मांग उठाई। प्रदर्शनकारियों ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे छात्र आंदोलन के समर्थन में अपनी आवाज बुलंद करते हुए केंद्र सरकार से परीक्षा प्रणाली में व्यापक सुधार की मांग की।
अंबेडकर पार्क से शुरू हुआ यह प्रदर्शन नारेबाजी के बीच कलेक्ट्रेट तक पहुंचा। रास्ते भर प्रदर्शनकारियों ने “भारत माता की जय” के नारों के साथ शिक्षा व्यवस्था में सुधार और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग उठाई। कलेक्ट्रेट पहुंचने के बाद जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपकर अपनी मांगों से अवगत कराया।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि पिछले कुछ वर्षों में राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं की विश्वसनीयता पर लगातार सवाल उठे हैं। उनका आरोप है कि वर्ष 2024 में नीट-यूजी और यूजीसी-नेट परीक्षाओं में पेपर लीक व धांधली के मामले सामने आए थे, जबकि मई 2026 में आयोजित नीट-यूजी परीक्षा भी कथित पेपर लीक के आरोपों के चलते निरस्त करनी पड़ी। उनका कहना है कि ऐसी घटनाओं से लाखों मेहनती छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है और परीक्षा प्रणाली पर युवाओं का भरोसा कमजोर पड़ रहा है।
युवाओं ने मांग की कि राष्ट्रीय स्तर की सभी परीक्षाओं को पूरी तरह पारदर्शी, निष्पक्ष और जवाबदेह बनाया जाए। साथ ही सभी कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। प्रदर्शनकारियों ने शिक्षा सुधार को लेकर चलाए जा रहे अभियानों के प्रति भी अपना समर्थन व्यक्त किया।
इस प्रदर्शन में शरद, ऐश्वर्या गुप्ता, जसप्रीत, सौरभ देव, नितिन गौर, ध्रुव, हर्षपाल, निखिल यादव, प्रतीश, प्रांजल सिंह, यश राज, लाइक अहमद, शौर्य, ज़ैद हसन, रेहान, नूर, प्रियम, अभय यथार्थ, नागमित्र, हर्ष सहित बड़ी संख्या में छात्र और युवा शामिल रहे। प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ और ज्ञापन सौंपने के बाद सभी प्रदर्शनकारी वापस लौट गए।
*रिपोर
पत्रकार*
*शाहाबाद (हरदोई)*




