BREAKING NEWS
Trending
दिशोम गुरु शिबू सोरेन की प्रथम पुण्यतिथि पर प्रतिमा का अनावरण, एसपी ने अर्पित की श्रद्धांजलि
पाकुड़। झारखंड आंदोलन के प्रणेता, झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री, भारत सरकार के पूर्व केंद्रीय कोयला मंत्री तथा पूर्व सांसद रहे दिशोम गुरु स्वर्गीय शिबू सोरेन की प्रथम पुण्यतिथि के अवसर पर मंगलवार को पाकुड़ शहर के शहरकोल स्थित पुराने डीसी मोड़ पर उनकी आदमकद प्रतिमा का अनावरण किया गया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, प्रशासनिक अधिकारियों एवं बड़ी संख्या में आम लोगों ने प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम के दौरान पाकुड़ के पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह ने भी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर दिशोम गुरु शिबू सोरेन को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि शिबू सोरेन का संपूर्ण जीवन जल, जंगल और जमीन की रक्षा, आदिवासी-मूलवासी समाज के अधिकारों की सुरक्षा तथा जनहित के संघर्षों को समर्पित रहा। झारखंड राज्य के गठन और उसके विकास में उनका योगदान सदैव ऐतिहासिक रूप से याद किया जाएगा। श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित वक्ताओं ने दिशोम गुरु के संघर्षपूर्ण जीवन, त्याग, सादगी और समाज के प्रति उनके समर्पण को याद करते हुए कहा कि उन्होंने अपने जीवनभर वंचित एवं शोषित वर्गों की आवाज बुलंद की। उनके आदर्श आज भी समाज को नई दिशा देने का कार्य कर रहे हैं। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। श्रद्धा, सम्मान और भावनाओं से ओतप्रोत इस कार्यक्रम में लोगों ने एक स्वर में कहा कि दिशोम गुरु शिबू सोरेन का व्यक्तित्व एवं कृतित्व आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत बना रहेगा।





