कांवड़ शिविर में एएसपी ने जाना कांवड़ियों का हाल, सेवा भाव की सराहना
पुलिस का दिखा मानवीय चेहरा, बोले- ऐसी श्रद्धा और समर्पण पहले कहीं नहीं देखा
कांवड़ शिविर में एएसपी ने जाना कांवड़ियों का हाल, सेवा भाव की सराहना
पुलिस का दिखा मानवीय चेहरा, बोले- ऐसी श्रद्धा और समर्पण पहले कहीं नहीं देखा
पिहानी (हरदोई)। सावन की पवित्र बेला में कांवड़ियों की सेवा के लिए चल रहे बाबा मैरिज हाल स्थित विशाल कांवड़ शिविर एवं अखंड भंडारे में शनिवार को पुलिस का मानवीय चेहरा देखने को मिला। अपर पुलिस अधीक्षक मार्तंड प्रकाश सिंह ने शिविर पहुंचकर कांवड़ियों का हालचाल जाना और उन्हें मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने कांवड़ियों से बातचीत कर उनकी यात्रा और ठहरने की व्यवस्थाओं के बारे में भी जानकारी ली।
अपर पुलिस अधीक्षक ने शिविर के आयोजक जोगराज सिंह एवं उनकी पूरी सेवा टीम के सेवा भाव की सराहना की। उन्होंने कहा कि सावन भर दिन-रात निरंतर चलने वाला यह भंडारा कांवड़ियों के लिए अत्यंत सराहनीय सेवा है। श्रद्धालुओं के लिए भोजन, विश्राम और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था करना वास्तव में अनुकरणीय कार्य है। उन्होंने कहा कि इतना आत्मीय श्रद्धा भाव और सेवा समर्पण उन्होंने इससे पहले कहीं नहीं देखा।
उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। शिविर में विशेष रूप से महिला कांवड़ियों के ठहरने के लिए की गई व्यवस्थाएं सराहनीय हैं। पुलिस और स्वयंसेवकों के समन्वय से श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराया जा रहा है। शिविर के भोजनालय प्रभारी सुभाष पाल, वेद प्रकाश पाल, आशीष श्रीवास्तव, मुकेश शर्मा ,दीपक शर्मा, आशु ब्याला, रणजीत सिंह राणा, बबलू पाल, राजकुमार, रामनिवास, श्रीचंद्र, लक्खा सिंह, अनुज कुमार, विमलेश कुमार सहित पूरी सेवा टीम दिन-रात कांवड़ियों की सेवा में जुटी हुई है। कोई भोजन व्यवस्था संभाल रहा है तो कोई श्रद्धालुओं के विश्राम और अन्य सुविधाओं की देखरेख कर रहा है।
——-
एएसपी ने सेवा कार्य में जुटे सभी स्वयंसेवकों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि कांवड़ियों की सेवा भगवान शिव की सेवा के समान है। ऐसे आयोजन समाज में सेवा, सहयोग और भाईचारे की भावना को मजबूत करते हैं।
इस दौरान कोतवाल श्याम नारायण सिंह, विनोद कुमार, प्रफुल्ल कुमार, आशीष सिंह सहित पुलिस बल के कई जवान मौजूद रहे। पुलिसकर्मियों ने भी शिविर की व्यवस्थाओं और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।




