जसवंत नगर मे अनियंत्रित होकर पलटा टैंकर, बाइक सवार दंपती समेत तीन गंभीर घायल कुरसेना के पास हादसा,
जसवंतनगर: राष्ट्रीय राजमार्ग पर ग्राम कुरसेना से आगे जमुनाबाग फ्लाईओवर पुल के पास बुधवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया

इटावा जिले के जसवंतनगर: क्षेत्र के अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग पर ग्राम कुरसेना से आगे जमुनाबाग फ्लाईओवर पुल के पास बुधवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। इटावा से आगरा की ओर जा रहा टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के दौरान टैंकर के पिछले हिस्से में एक मोटरसाइकिल फंस गई, जो करीब 50 मीटर तक घिसटती चली गई। इससे बाइक सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों की पहचान ग्राम धरवार निवासी 26 वर्षीय आकाश पुत्र अरविंद, 53 वर्षीय प्रेम सिंह पुत्र राजाराम तथा 50 वर्षीय बुद्ध श्री पत्नी प्रेम सिंह के रूप में हुई है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल तीनों घायलों को लोडर में लिटाकर अस्पताल भेजने का प्रयास किया। इसी बीच एनएचएआई की6 एंबुलेंस चालक बसंत कुमार और ईएमटी दिनेश कुमार के साथ मौके पर पहुंच गई। एंबुलेंस से तीनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया,जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उन्हें सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
हादसे में टैंकर चालक सुरक्षित बच गया, जिसे पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। दुर्घटना के बाद हाइड्रा मशीन की मदद से पलटे टैंकर को सीधा कराने का कार्य शुरू कराया गया। पुलिस की निगरानी में राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात सुचारु रूप से संचालित होता रहा।

थानाध्यक्ष कमल भाटी ने बताया कि टैंकर चालक सुरक्षित है और पुलिस हिरासत में है। पलटे टैंकर को हटाने की कार्रवाई जारी है। हाईवे पर यातायात सामान्य है।
फोटो: टैंकर में फंसी मोटर सायकिल, -लोडर में घायल लेटे हुए, पलटा टैंकर, एम्बुलेंस में जाते घायल और मौके पर जमा भीड़। 





