सदर अस्पताल का औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं में खामियों पर दिए सख्त निर्देश
अस्पताल निरीक्षण
उपायुक्त के निर्देश पर परियोजना निदेशक ITDA श्री संजय कुमार दास ने सदर अस्पताल का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं एवं अस्पताल की व्यवस्थाओं की जमीनी स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा सुविधाओं, दवा की उपलब्धता, स्वच्छता व्यवस्था, बेडशीट, चिकित्सा उपकरणों तथा चिकित्सकों की ड्यूटी व्यवस्था की बारीकी से समीक्षा की।निरीक्षण के दौरान विभिन्न व्यवस्थाओं में मिली कमियों को लेकर परियोजना निदेशक ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने के लिए सख्त निर्देश दिए। उन्होंने अस्पताल में दवाओं का पर्याप्त स्टॉक बनाए रखने, स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर रखने तथा चिकित्सा उपकरणों को सुचारू रूप से संचालित रखने पर विशेष जोर दिया।श्री संजय कुमार दास ने कहा कि अस्पताल आने वाले मरीजों को समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं सम्मानजनक चिकित्सा सेवा उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की ड्यूटी व्यवस्था को प्रभावी बनाने तथा मरीजों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने का निर्देश दिया।उन्होंने अस्पताल प्रशासन को स्वच्छता, दवा की उपलब्धता और चिकित्सकीय सेवाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा, ताकि मरीजों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। निरीक्षण के दौरान संबंधित पदाधिकारी एवं स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।




